महोबा। शहर कोतवाली क्षेत्र के मुड़हरा गांव में अनुसूचित जाति के श्रमिक की बेशकीमती भूमि का धोखाधड़ी कर बैनामा कराने का मामला सामने आया है। इसमें चेक देने के बाद खाता बंद करने के मामले में कानपुर की महिला डॉक्टर ज्योति सचान समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर हुई है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
मुड़हरा गांव निवासी बल्ली उर्फ बलिया ने बताया कि वह अनुसूचित जाति का व्यक्ति है। उसके पास मौजा मुड़हरा में करीब पांच बीघा भूमि है। उसके घर पर अक्सर बबलू उर्फ चंद्रभान, हरनारायण सोनी व अनिल राठौर आते थे। इन लोगों की नजर उसकी बेशकीमती जमीन पर थी। आरोप लगाया कि इन लोगों ने उसे बिना बताए लोन लेने के बहाने उसका अंगूठा लगवा लिया और अनपढ़ होने का फायदा उठाते हुए कृषि भूमि को विक्रय करने का अनुमति प्रार्थना पत्र लगाया। आरोपियों ने धोखाधड़ी करते हुए उसकी जमीन को विक्रय करने की परमिशन के लिए डॉ. ज्योति सचान स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ निवासी संकल्प गेस्ट्रो एंड गायनी सेंटर मिग-98 संकट मोचन मंदिर पश्चिमी कमिश्नरेट कानपुर व उसके पति सचान से पत्नी के किडनी, लीवर का ट्रांसप्लांट का फर्जी पेपर तैयार कराया। चिकित्सक के कागजात के आधार पर उसके व पत्नी की गैर मौजूदगी में आरोपियों ने विक्रय परमिशन पत्र प्रशासन से प्राप्त कर लिया।
नौ जनवरी 2025 को हरनारायण सोनी ने कृषि भूमि के विक्रय के लिए बल्ली को करीब डेढ़ करोड़ की अलग-अलग चेकें दे दी। इसके बाद बैनामा करा लिया जबकि चेकों का भुगतान कराने के लिए पीड़ित बैंक गया तो बैंक ने चेक वापस कर दी। जानकारी करने पर पता चला कि चेक देने के बाद आरोपियों ने अपने खाता बंद कर दिए थे। धोखाधड़ी करके जमीन हड़पे जाने से परेशान पीड़ित ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी। इसके बाद आरोपियों ने उसे मकान में आग लगाने और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस उच्चाधिकारियों से भी न्याय न मिलने पर पीड़ित ने न्यायालय का सहारा लिया। न्यायालय के आदेश पर सोमवार की रात कानपुर की महिला डाॅक्टर ज्योति सचान, विक्रांत कुमार निवासी इंदिरानगर कबरई, हरनारायण सोनी निवासी गांधीनगर महोबा, बबलू उर्फ चंद्रभान निवासी मुड़हरा, अनिल निवासी भटीपुरा व जीतेंद्र तिवारी निवासी डीएम आवास के पीछे महोबा के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाली प्रभारी मनीष पांडेय का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर मामला दर्ज किया गया है। विवेचना कराई जा रही है।