महोबा। स्वास्थ्य विभाग में नौकरी के नाम पर 44 युवाओं से एक-एक लाख रुपये ऐंठने के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। ठगी मामले में मंगलवार को वायरल हुए दूसरे ऑडियो की जांच भी पुलिस कर रही है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने से ठगी मामले में शामिल अन्य लोगों में खलबली मच गई है।
स्वास्थ्य विभाग में नौकरी के नाम पर युवाओं व युवतियों से एक-एक लाख रुपये ऐंठ लिए गए थे। बाद में उन्हें नौकरी देने से इंकार कर दिया गया। 16 जुलाई को पीड़ितों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल किया था। जिसके बाद पीड़ित प्रेमनारायण व ईश्वरीदीन ने समाधान दिवस व कोतवाली में तहरीर देकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर मिली भगत का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। बताया था कि उन्हें कोविड सेंटर में एक माह के लिए नौकरी पर रखा गया और मानदेय भी दिया गया लेकिन बाद में भगा दिया गया। मंगलवार को ठगी मामले में एक और ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ। जिसमें सीएमओ को अपशब्द कहते हुए दो दिन के अंदर ट्रांसफर कराने की बात कही गई।
कस्बा कबरई के भगतसिंह नगर निवासी ठगी का शिकार पीड़ित प्रेमनारायण व अन्य पीड़ितों की तहरीर पर शहर कोतवाली में आरोपी दिवाकर दत्त तिवारी व विष्णु प्रजापति निवासी अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाल बलराम सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। बातचीत वाले नंबरों को सर्विलांस पर लगाया गया है। मामले की विवेचना एसआई केशवराम को सौंपी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।