फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कर्जमाफी के नाम पर किसानों से धोखा- पूर्व सीएम

Sun, 20 May 2018 11:00 PM IST
mahoba
विज्ञापन
पत्रकारों से बातचीत करते पूर्व सीएम - फोटो : amarujala
विज्ञापन

विज्ञापन
महोबा। जिले के करहरा कला गांव पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने कर्जमाफी के नाम पर किसानों के साथ धोखा किया। किसानों का कर्ज माफ न होने से वह जान दे रहे हैं। ग्राम करहरा कला में दो किसानों ने कर्ज माफ न होने से परेशान होकर आग लगाकर जान दे दी। लेकिन सरकार ने मृतक किसान परिवारों की कोई आर्थिक मदद नहीं की। जबकि समाजवादी सरकार किसानों की मौत होने पर दुर्घटना किसान बीमा के तहत पांच-पांच लाख रुपये आश्रितों को देती थी। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में सपा की सरकार होती तो मृतक किसानों के आश्रितों का वह खजाना खोल देते। मुख्यमंत्री ने सपा कार्यकर्ताओं द्वारा एकत्र किये गये चंदे की 50-50 हजार रुपये की धनराशि किसानों को नगद दी और एक-एक लाख रुपये पार्टी की तरफ से देने की घोषणा की। जो किसानों के खाते में भेज दी जाएगी।
कोतवाली महोबा के ग्राम करहरा कला में तीन माह पहले किसान राजबहादुर श्रीवास और ठाकुरदास के आत्महत्या करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री रविवार को किसानों के परिजनों का हालचाल जानने आए थे। उन्होंने मृतक किसान राजबहादुर के पिता गजराज और ठाकुरदास के पिता गंगा से मुलाकात कर हालचाल जाना। दोनों किसानों ने एक माह के अंतराल में आग लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों किसानों के ऊपर बैंक और साहूकार का तीन लाख रुपये कर्ज भी था। कहा कि भाजपा नेता गांव में जा रहे हैं लेकिन किसानों की कोई मदद नहीं कर रहे है। गरीब किसानों को मिलने वाली समाजवादी पेंशन योजना भी भाजपा सरकार ने बंद कर दी। भाजपा सरकार गरीबों को 1000-1000 रुपये पेंशन दे। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता दलितों के घर पर खाना खाकर उनका कोई भला ने करके उन्हें धोखा दे रहें है।
विज्ञापन

 समाजवादी पार्टी ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक कमेटी बनाई गई है। जो बुंदेलखंड के किसानों की आत्महत्या पर जाकर किसानों के परिवार से मुलाकात कर उनकी मदद करेगी और रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपेगी।  इस मौके पर पूर्व मंत्री सिद्ध गोपाल साहू, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव, सपा जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव, छत्रपाल यादव, अजयराज यादव मौजूद रहें।
कर्नाटक में लोकतंत्र की रक्षक बनी सुप्रीम कोर्ट- पूर्व सीएम
- भाजपा को रोकने के लिए किया जाएगा गठबंधन

अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक में सरकार बनाने के लिए भाजपा को 24 घंटे का समय देकर लोकतंत्र को बचाया है। कहा कि कर्नाटक में जो हुआ उसके लिए सुप्रीम कोर्ट को धन्यवाद देता हूं। सुप्रीम कोर्ट अगर फैसला न देता तो लोकतंत्र की हत्या हो जाती। सही समय पर अदालत का फैसला आने से विधायकों की तोड़फोड़ नहीं हो सकी।
पूर्व मुख्यमंत्री रविवार को करहरा कला में मृतक किसान के आवास परिसर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में भाजपा के पास पूर्ण बहुमत न होने के बाद भी राज्यपाल ने भाजपा नेता येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिला दी। जबकि बहुमत के लिए 112 विधायकों के सापेक्ष कांग्रेस व जीडीएस के पास 116 विधायक होने के बाद भी उन्हें बहुमत साबित करने के लिए नहीं बुलाया गया। जिस पर कांग्रेस और जीडीएस ने अदालत का दरवाजा खटखटाया।
सुप्रीम कोर्ट ने भाजपा को 24 घंटे के अंदर बहुमत साबित करने का आदेश दिया। जिससे भाजपा दूसरे दलों में सेेंधमारी नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला न आता तो कर्नाटक में लोकतंत्र की हत्या हो जाती। भाजपा को रोकने के लिए गठबंधन किया जाएगा। कांग्रेस से गठबंधन के बावत पूछने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस से हमारे अच्छे संबंध है और रहेंगे। भाजपा 47 दलों से गठबंधन कर सकती है तो सपा 7 दलों से क्यों नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में राजा महाराजाओं ने तालाब खुदवाए थेे इसके बाद भी समाजवादी पार्टी की सरकार ने तालाबों को खुदवाया। जिससे यहां के लोगों को पानी मिल रहा है। इस मौके पर पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे।

दलितों ने भी किया पूर्व सीएम का स्वागत
श्रीनगर/कबरई। सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का खजुराहो से महोबा आते समय सपाइयों ने जगह जगह जोरदार स्वागत किया। श्रीनगर में बिलरही तिराहे पर पुष्पेंद्र सिंह यादव, भागीरथ यादव और प्रान सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को फूलमालाओं से लाद दिया। इसके बाद सिजहरी में प्रधान प्रतिनिधि विजयपाल सिंह ने समर्थकों के साथ पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर हाथी, घोड़े और बैंडबाजों के साथ लोगों ने खुशियां मनाई। सपा बसपा के गठबंधन की संभावना को लेकर दलितों ने भी पूर्व मुख्यमंत्री का सिजहरी तिराहे पर जोरदार स्वागत किया।
कबरई प्रतिनिधि अनुसार पूर्व सीएम का गल्ला मंडी के पास सपा कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।  इस मौके पर सपा नेता कंधी यादव, मुकेश यादव, शीतल यादव, बलवीर सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहें।

किसान की मौत के बाद, टूटी बेटियों की शादी
- मृतक किसान की पत्नी ने पूर्व सीएम से दुखड़ा रोया
 05 परिचय-शादी टूटने से मां के साथ गमगीन बैठी दोनों बेटियां
अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करहरा कला में किसान राजबहादुर की मौत के बाद दोनों बेटियों की शादी टूट गई। जवान बेटियों को घर पर बैठाए मां की रातों की नींद उड़ गई। पति की मौत के बाद बेटियों की शादी की चिंता उसे सता रही है।  
ग्राम करहरा कला निवासी राजबहादुर की पांच बेटियां हैं। उसने तीन बेटियों की शादी पहले ही कर दी थी और चौथे नंबर की बेटी प्रीति की शादी मध्यप्रदेश के जनपद टीमकगढ़ के ग्राम बारी में और पांचवें नंबर की बेटी बबली की शादी रावतपुरा में तय कर दी थी। 7 जून को दोनों बेटियों की शादी होना थी। किसान के पास दस बीघा जमीन होने के बाद भी उसका कर्ज माफ नहीं हुआ। इधर यूपी इलाहाबाद ग्रामीण बैंक और साहूकार का मिलाकर एक लाख रुपये कर्ज था लेकिन खेतों में ओलावृष्टि हो जाने से फसल बर्बाद हो गई। जिससे राजबहादुर ने घर में आग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। शादी का इंतजाम न हो पाने के कारण रिश्ता तोड़ दिया है। मृतक के पिता गजराज श्रीवास ने बताया कि जिस घर में उसके बेटे ने आग लगाकर आत्महत्या की थी वह मकान भी जल गया था। 5000 रुपये साहूकारों से कर्ज लेकर मकान का छानी छप्पर कराया है।
इनसेट
प्रवेश करने पर सबसे पहले जानवरों ने किया स्वागत
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जानवरों के नाम पर उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है लेकिन सरकार आने के बाद जानवरों की हिमायत करने वाले मुख्यमंत्री जानवरों की सुरक्षा नहीं कर पा रहे है। जानवर सड़कों पर घूम रहे हैं। जिससे आए दिन हादसे हो रहें हैं।
विज्ञापन

इनसेट
दलितों के घर पी रहे मिनरल वाटर
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नेता दलितों के घर पर भोजन करने के नाम पर मजाक कर रहे हैं। भोजन तो दलितों के घर पर करते हैं लेकिन घर से मिनरल वाटर और भोजन ले जाते है। उन्होंने कहा कि दलितों के घर खाना खाने से कुछ नहीं होगा। भाजपा को दलितों पर हो रहे उत्पीड़न पर रोक लगानी चाहिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें