एक माह पहले थाना क्षेत्र के ग्राम पुन्निया के राम जानकी मंदिर से चोरी हुईं अष्टधातु की बेशकीमती मूर्तियां बुधवार को पुलिस ने लावारिस अवस्था में बरामद कर लीं। हालांकि पुलिस चोरों को अभी तक गिरफ्तार करने में असफल रही।
बारह फरवरी को थाना क्षेत्र के ग्राम पुन्निया का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने राम जानकी, लक्ष्मण और लड्डू गोपाल की बड़ी मूर्तियों के साथ-साथ आधा दर्जन अन्य छोटी अष्टधातु की मूर्तियां चोरी कर ली थीं। घटना की तहरीर मंदिर के पुजारी ग्राम पुन्निया निवासी सूरज सिंह पुत्र दधीच सिंह ने थाना खरेला में दी थी। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधीक्षक केके गहलोत ने चार सदस्यीय टीम गठित कर घटना का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए थे। एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस कर्मियों की टीम ने बदमाशाें की धरपकड़ में हाथ पैर मारती रही लेेकिन न तो मूर्तियां बरामद हुईं और न बदमाशों का कोई सुराग मिला। बुधवार को मुखबिर से मिली सूचना के अनुसार थानाध्यक्ष खरेला धर्मराज यादव को थाना क्षेत्र के सीमावर्ती ग्राम गहरौली में सड़क किनारे मूर्तियां रखे होने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंच गई। जहां पुलिस ने लावारिस अवस्था में एक बोरी में बंद अष्टधातु की मूर्तियां बरामद कर लीं। बरामद की गई मूर्तियों में राम जानकी की मूर्तियों के हाथ कटे पाए गए। पुलिस ने पुन्निया गांव के मंदिर के पुजारी को बुलाकर मूर्तियाें की शिनाख्त कराई। जिसमें मूर्तियां राम जानकी मंदिर की होने की पुष्टि हुई। सूचना मिलने पर सीओ चरखारी धनंजय कुशवाहा भी मौके पर जा पहुंचे। पुलिस द्वारा लावारिस अवस्था में बेशकीमती मूर्तियां बरामद किए जाने और किसी भी बदमाश की गिरफ्तारी न होने की बात लोगाें के गले नहीं उतर रही है। थानाध्यक्ष का कहना है कि जल्द ही मूर्ति चोरी करने वाले बदमाशाें को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।