-खरीफ-2024 में हुआ था करीब 40 करोड़ का घाेटाला
-वन, पहाड़, नदी, नाला व बंजर भूमि का बीमा कराकर क्लेम निकालने का मामला
फोटो 17 एमएएचपी 07, 08 परिचय-पुलिस गिरफ्त में पकड़े गए फसल बीमा घोटाले के चार आरोपी। स्रोत: पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में करोड़ों के घोटाले में पुलिस ने बीमा कंपनी के प्रबंधक निखिल चतुर्वेदी निवासी ऐदलपुर थाना पर्वतपुर जनपद जालौन, सीएससी संचालक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी पर कूटरचित दस्तावेज लगाकर फर्जी फसल बीमा कराने का आरोप है। घोटालेबाजों ने तालाब, पहाड़ व चकमार्ग की जमीनों पर फर्जी बीमा कराकर क्लेम निकाल लिया। मामले में अब तक 23 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
खरीफ सीजन-2024 में फसल बीमा के नाम पर करीब 40 करोड़ का घोटाला हुआ। घोटालेबाजों ने किसानों की जमीन का तो फर्जी तरीके से फसल का बीमा अपने नाम कराया ही, साथ ही नदी, नाले, तालाब, पहाड़, बंजर भूमि, चकमार्ग, वन आदि की जमीनों में फसल की बोआई दिखाकर बीमा कराया। इसके बाद बीमा कंपनी के कर्मचारियों की मिलीभगत से लाखों रुपये का फर्जी भुगतान भी ले लिया।
जब मामले की परतें खुलीं तो उप कृषि निदेशक रामसजीवन ने कोतवाली में अगस्त माह में बीमा कंपनी के प्रबंधक निखिल चतुर्वेदी समेत कई अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके अलावा जिले के पनवाड़ी, चरखारी, अजनर व कुलपहाड़ कोतवाली में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई गईं। मामलों में 26 नामजद और कई अज्ञात लोगों को शामिल किया गया है। 19 लोगों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। तीन नामजदों की तलाश जारी है।
कोतवाली प्रभारी चरखारी प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने बुधवार को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजन के फर्जीवाड़े में शामिल बीमा कंपनी इफको टोकियो के प्रबंधक निखिल चतुर्वेदी, सीएससी संचालक अरविंद यादव निवासी कोटरा महोबकंठ, श्यामलाल सेन निवासी रोशनपुरा चरखारी और बृजगोपाल अरजरिया निवासी छितरवारा महोबकंठ को गोरखा गांव के पास से पकड़ा। सभी पर सरकारी लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री फसल बीमा पोर्टल पर कूटरचित दस्तावेज लगाकर बीमा कराकर लाभ लेने का आरोप है। सभी आरोपियों को पहले से दर्ज मुकदमे के आधार पर न्यायालय में पेश किया गया।
वर्जन
पूर्व में कूटरचित दस्तावेजों का प्रयोग करके प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत कई व्यक्तियों की ओर से फर्जी बीमा कराया गया और अनुचित लाभ प्राप्त किया गया। कोवाली चरखारी में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। चरखारी पुलिस ने बीमा कंपनी इफको टोकियो के मैनेजर निखिल चतुर्वेदी, सीएससी संचालक और दो अन्य व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।-वंदना सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, महोबा।