आरोपियों के कब्जे से बरामद चोरी की बाइकें
- फोटो : MAHOBA
महोबा। एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के मुख्य सरगना समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की आठ बाइकें बरामद की गई हैं। एसपी ने मामले का खुलासा करते हुए पुलिस टीम की सराहना की।
कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम में शामिल एसआई भूपेंद्र सिंह, एसआई महेंद्र सिंह भदौरिया, एसआई तनवीर अहमद, कांस्टेबल नरेंद्र सोनकर व प्रदीप कुमार चेकिंग अभियान चला रहे थे। तभी मुखबिर की सूचना पर ग्राम रतौली जाने वाले मार्ग में विरासी जंगल के पास से चार लोगों को संदिग्ध अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बाइक चोरी करने की बात कबूली। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की आठ बाइकें बरामद की। पकड़े गए आरोपियों में बाइक चोर गिरोह का मुख्य सरगना हरिओम पुत्र ओमप्रकाश कुशवाहा निवासी मोहल्ला मलकपुरा, भूपेंद्र पुत्र कामता प्रसाद कुशवाहा निवासी मलकपुरा, भूपेंद्र उर्फ छोटू पुत्र वीरेश कुमार अहिरवार निवासी मोहल्ला कल्याण सागर व बृजकिशोर कुशवाहा पुत्र जानकी कुशवाहा निवासी ग्राम टौरिया जिला छतरपुर शामिल हैं।
एसपी मणिलाल पाटीदार ने बुधवार को पुलिस लाइंस सभागार में खुलासा किया। बताया कि अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह का मुख्य सरगना हरिओम है। इनके द्वारा चोरी की बाइकों के चेसिस नंबर घिसकर मिटाने का प्रयास किया गया। गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। एसपी ने आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम की सराहना की।