चरखारी (महोबा)। राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय चरखारी के मेस ठेकेदार के भाग जाने से भूख से तड़प रहे बच्चों की प्रधानाचार्य ने एक सप्ताह की छुुट्टी कर विद्यालय बंद कर दिया है। जिससे बच्चों का शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है।
मार्च 2015 में साहू एंड संस नाम से राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय के बच्चों के भोजन बनाने का ठेका दिया गया था। ठेका लेने के बाद मीनू के अनुरूप खाना नहीं बनाया जा रहा था। जिस पर विद्यालय के बच्चों ने कई बार हंगामा भी कर चुके है। जिस पर तहसीलदार चरखारी अहिवरन सिंह ने विद्यालय का निरीक्षण कर अनियमितता पाई थी और समाज कल्याण अधिकारी को पत्र लिखकर व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा था।
इसके बाद भी कोई सुधार नहीं किया गया। मंगलवार को ठेकेदार के भाग जाने से छात्रों को भोजन नहीं मिल पा रहा है। दो दिन से भूखे छात्रों ने गुरुवार को विद्यालय में जमकर हंगामा किया। जिस पर प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने एक सप्ताह की छुुट्टी कर विद्यालय बंद कर दिया है। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को पत्र भेजकर भोजन की व्यवस्था कराने का आग्रह किया है।
बच्चों को भूखे पेट भेज दिया घर
चरखारी राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में गुरुवार को भोजन ठेकेदार के भाग जाने से अध्ययनरत 280 छात्रों को नाश्ता, खाना भी नसीब न हुआ। रोजाना की तरह आवासीय कमरों में सुबह जागे बच्चे चाय और नाश्ते का इंतजार करते रहे। जब रसोईघर में देखा तो ठेकेदार के श्रमिक भी नदारत थे।
छात्रों की शिकायत पर शिक्षकों और प्रधानाचार्य ने बच्चों के खाने नाश्ते की व्यवस्था के बजाए उच्चाधिकारियों को अवगत कराने में चार घंटे बिता दिए। दोपहर 12 बजे तक कोई व्यवस्था न होने पर शाम चार बजे बच्चों को भूखे पेट घर भेज दिया गया।