एक उपभोक्ता के बैंक खाते से 16 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने बताया कि उसके फोन पर एक सप्ताह पूर्व एक कॉल आई थी। जिसमें कॉल करने वाले ने अपने को बैंक कर्मी बताया और एटीएम का नंबर पूछा था। उसने मामले की शिकायत शाखा प्रबंधक व पुलिस से की है।
थाना कबरई के ग्राम सिचौरा में लखनलाल पुत्र सुनवा अनुरागी का एसबीआई की कबरई शाखा में खाता है। उसने एटीएम कार्ड भी बनवाया है। लखनलाल ने बताया कि उसके मोबाइल फोन पर एक सप्ताह पूर्व काल आई। जिसमें काल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को एसबीआई का कर्मचारी बताया और एटीएम बंद होने की जानकारी दी। उसने एटीएम कार्ड को जारी रखने के लिए लखनलाल से एटीएम का नंबर पूछा और फोन काट दिया।
मोबाइल काल आने के बाद उसके खाते से 16 हजार की नगदी निकाल ली गई। बुधवार को जब लखनलाल पैसा निकालने के लिए बैंक पहुंचा तो उसे खाते से पैसा गायब होने की जानकारी हुई। हजारों की नगदी निकल जाने से उपभोक्ता के होश उड़ गए। पीड़ित ने एसबीआई के शाखा प्रबंधक और थानाध्यक्ष कबरई को शिकायती पत्र सौंपकर घटना की जानकारी दी। उसने मोबाइल का वह नंबर भी दिया, जिससे उसके पास कॉल आई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।