नगर पालिका में सफाई कर्मचारी पद के लिए साक्षात्कार देने को उमड़ी भीड़।
- फोटो : Amar ujala
नगर पालिका परिषद महोबा में सफाई कर्मचारी पद पर नौकरी पाने के लिए अभ्यर्थियों की भारी भीड़ जुट रही है। 116 पदों के लिए करीब 10 हजार लोगों ने आवेदन किया है। हर रोज 500 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जा रहा है। बुधवार को साक्षात्कार के लिए बुलाए गए 500 अभ्यर्थियों में से 100 झाड़ू, तसला देखकर भाग खड़े हुए।
नगर पालिका परिषद महोबा में एडीएम आनंद कुमार की अध्यक्षता में बनी कमेटी द्वारा साक्षात्कार लिया जा रहा है। हर रोज 500 आवेदकों को बुलाया जा रहा है। पहले आवेदकों को झाड़ू तसला और फावड़ा थमा कर शहर के गली कूचे और नाले-नालियों की सफाई कराई जाती है। इसके बाद साक्षात्कार कराया जाता है। बड़े शौक से इंटरव्यू देने आ रहे आवेदक फावड़ा और झाड़ू देखकर ही खिसक जाते हैं।
बुधवार को साक्षात्कार के लिए बुलाए गए आवेदकों को जैसे ही झाड़ू थमाई गई एक सैकड़ा से ज्यादा आवेदक भाग खड़े हुए। इसके बाद भी कई आवेदकों ने नाले नालियों की सफाई करके देर शाम तक साक्षात्कार दिया। पिछली 15 दिसंबर से शुरू हुआ साक्षात्कार अब 31 दिसंबर तक चलेगा।