महोबा। थाना श्रीनगर के पवा गांव में फार्मर रजिस्ट्री कर रही महिला लेखपाल से दाे ग्रामीणों ने अभद्रता कर दी। भीड़ अधिक होने पर लेखपाल ने कुछ देर में रजिस्ट्री करने की बात कही तो दबंगों ने कहा कि पहले मेरी फार्मर रजिस्ट्री करो नहीं तो जान से मार देंगे। धमकी से परेशान महिला लेखपाल ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, धमकी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर के मोहल्ला भटीपुरा स्थित आफीसर्स काॅलोनी निवासी शोभा गौतम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह पवा गांव में लेखपाल के पद पर कार्यरत है। छह नवंबर की दोपहर वह गांव के रविदास मंदिर के पास फार्मर रजिस्ट्री का कार्य कर रही थी। तभी गांव के मुन्नालाल व नीरज अहिरवार वहां पहुंच गए और अभद्रता करते हुए पहले उनकी फार्मर रजिस्ट्री किए जाने की बात कही। इस पर लेखपाल ने कुछ देर इंतजार करने को कहा तो दबंग भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी। तब महिला लेखपाल वहां से लौट आई। मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया।
पीड़ित लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने मुन्नालाल और नीरज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष श्रीनगर जयचंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।