फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahoba News: सहूलियत के हिसाब से बना लिए कट, हो रहे हादसे

Tue, 11 Nov 2025 12:54 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महोबा
विज्ञापन
विज्ञापन
महोबा/कबरई। सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए तमाम प्रयास किए जाने का दावा किया जा रहा है। यातायात माह शुरू होने पर नियमों का पालन कराते हुए लोगों को पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी जागरूक भी कर रहे हैं लेकिन इसका असर जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा है। जिम्मेदारों की अनदेखी और चालकों की मनमानी सड़क सुरक्षा के नियमों को ठेंगा दिखाती नजर आ रही है। हाईवे पर लोगों ने सहूलियत के हिसाब से कई कट बना लिए हैं। जहां लगातार हादसे हो रहे हैं।
विज्ञापन

जिले से कानपुर-सागर व झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरे हैं। एनएचएआई ने हाईवे पर कई स्थानों पर डिवाइडर लगाए हैं लेकिन लोगों ने अपनी सहूलियत के हिसाब से इन्हें जगह-जगह तोड़ दिया है और सड़क को पार करते हैं। ऐसे में हाईवे से तेज रफ्तार में निकलने वाले वाहनों की चपेट में आने से बड़ी दुर्घटना हो सकती है। सोमवार को कानपुर-सागर व झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर अवैध कट की पड़ताल की गई तो कई जगह डिवाइडर की गायब मिले। वहीं कुछ जगह अवैध कट से वाहन निकलते नजर आए। यही वजह है कि सड़क हादसों के आंकड़ों में कमी नहीं आ रही है और प्रतिवर्ष सैकड़ों लोगों की सड़क हादसों में जान जा रही है। वर्ष 2025 की बात करें तो जनवरी से अक्तूबर के बीच 209 सड़क हादसों में 173 लोग घायल हुए जबकि 130 लोगों की जान जा चुकी है।
-

झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर स्टेशन मोड़ के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने अवैध कट होने से आएदिन हो रही दुर्घटनाओं में कई लोग जान भी गंवा चुके हैं। एक माह पहले इसी कट में साहू इंटरनेशनल स्कूल की बच्चों से भरी बस व ट्रक में भिड़ंत हो गई थी। हालांकि बच्चे बाल-बाल बच गए थे। इसी तरह डेढ़ माह पहले इसी कट में कस्बे के रानीलक्ष्मीबाई नगर निवासी बाइक सवार इरफान खान की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इस कट पर वाहनों के मुड़ने और सामने से दूसरे वाहन के आने से हादसे हो रहे हैं।
विज्ञापन


झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर कस्बे के बांदा तिराहे से बांदा रोड पर सड़क के मध्य स्थित डिवाइडर में लगी जाली कई जगह से गायब हो गई है। वहीं, बीला दक्षिण गांव की मोड़ पर जाली न लगी होने के कारण दिनभर लोग सड़क पार करते हैं। इससे आएदिन दुर्घटनाएं हो रहीं हैं। दो माह पहले किदवई नगर निवासी विश्वनाथ प्रजापति की सड़क पार करते समय ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इसके बाद भी जिम्मेदारों ने कोई ध्यान नहीं दिया।
-

कानपुर-सागर हाइवे पर कबरई से महोबा रोड पर अवैध कट होने के चलते वाहनों व पैदल राहगीरों का आवागमन होने से सड़क दुर्घटनाओं में इजाफा हो रहा है। दो माह पहले सड़क पार करते समय ट्रक के कुचलने से मोचीपुरा निवासी तुलसिया की मौत हो गई थी। कबरई में प्रतिदिन एक हजार से अधिक ट्रक गिट्टी और पत्थर लेने आते हें। पूरे दिन वाहनों की धमाचौकड़ी रहने से अवैध कट खतरा बने हैं।


सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वाहन चालकों को शपथ दिलाने के साथ रेडियम, लाइटें दुरुस्त रखने के साथ निर्धारित गति पर वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। हाईवे पर अवैध कटों को बंद करने के लिए एनएचएआई से संपर्क किया जाएगा। -दयाशंकर, एआरटीओ, महोबा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें