चरखारी (महोबा)। कस्बा स्थित छोटा रमना मोहल्ला में रविवार की रात साउंड सर्विस की दुकान में बैटरी फटने से आग लग गई। पालिका के टैंकर से पानी डालकर एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक दुकान में रखा एक लाख रुपये कीमत का सामान जलकर नष्ट हो गया।
छोटा रमना मोहल्ला निवासी अलताफ की कस्बे में इंडियन बैंक के पास साउंड सर्विस की दुकान है। दुकान में साउंड बजाने के लिए बैटरी भी रखीं थी। रविवार की रात एक बैटरी धमाके के साथ फटने से दुुकान में आग लग गई। आग की लपटे उठती देख पड़ोसियों ने दुकानदार को सूचना दी। पीड़ित ने फायर ब्रिगेड को सूचना न देकर पालिका का टैंकर मंगाया।
पालिका कर्मियों और पड़ोसियों के सहयोग से एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पीड़ित ने घटना में एक लाख रुपये की कीमत की बैटरी, मशीनें व अन्य कीमती सामान जलकर बर्बाद होने की बात कही है। अग्निकांड की सूचना पुलिस व लेखपाल को दी गई है।