दुकानाें में लगी आग बुझाते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कस्बा चरखारी के बुधवारी बाजार में शुक्रवार की दोपहर तीन दुकानों में अचानक आग लग गई। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकानों में रखा लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया। फायर बिग्रेड की गाड़ी सूचना के डेढ़ घंटे देरी से पहुंची। इससे लोगों में आक्रोश है।
महोबा शहर के मोहल्ला तकियापुरा निवासी सिराज पुत्र रहमत कस्बा चरखारी के बुधवारी बाजार में दो दुकानें किए है। जहां परिवार सहित रहकर बांस की डलिया, सूपा व कनस्टर टीन बनाकर बेचता है। सिराज के बगल में कस्बा चरखारी के मोहल्ला भैरवगंज निवासी अनीस पुत्र अजीम उल्ला मनिहारी की दुकान कर परिवार का भरण पोषण करता है। शुक्रवार की दोपहर सिराज और अनीस नमाज अदा करने के लिए पास के मस्जिद गए थे। इस बीच सिराज की दुकान में अचानक आग लग गई।
दोपहर के समय तेज हवाएं चलने से आग ने विकराल रूप धारण करते हुए तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटे देख आसपास के लोग दौड़ पड़े और पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान घटना की सूचना फायर बिग्रेड को दी गई।
डेढ़ घंटे देरी से फायर बिग्रेड की गाड़ी पहुंची लेकिन तब तक ग्रामीण आग पर काबू पा चुके थे। आग लगने की सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। लेखपाल महाराज सिंह ने आग से हुई क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी है। आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके है।
थाना कबरई के गांव बरबई में दो मकानों में आग लगने से तीन लाख का माल जलकर खाक हो गया। ग्रामीणों के एकजुट प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गांव बरबई निवासी रामसनेही श्रीवास के मकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटे देख मकान में मौजूद परिजन बाहर दौड़ पड़े।
आग ने विकराल रूप धारण कर पड़ोसी अजय सिंह के मकान को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। आग से मकानों में रखा खाद्यान्न, कीमती गृहस्थी समेत करीब तीन लाख रुपये कीमत का माल जलकर खाक हो गया। आग के कारण स्पष्ट नही हो सका है। घटना से पीड़ित परेशान है।