जिले में दुकान और खेत में आग लगने से डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। ग्रामीणाें की तकरीबन दो घंटा मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पीड़ित दुकानदार और कृषक ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिलवई निवासी चंद्रशेखर गुप्त पुत्र द्वारिका प्रसाद की गांव में रामलीला मैदान के नजदीक किराने की दुकान है। दुकानदार ने आरोप लगाया कि 12 मार्च की रात तकरीबन एक बजे अज्ञात दबंगाें ने उसकी दुकान में आग लगा दी। दुकान से आग की लपटें उठते देख ग्रामीणाें ने घटना की सूचना दी। तकरीबन दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इससे दुकान में रखा 80 हजार रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था।
पीड़ित ने दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लमौरा प्रतिनिधि के अनुसार, थाना अजनर के ग्राम अकौना निवासी दशरथ पुत्र पटियां खेत में लगी फसल की कटाई के लिए थ्रेसर की व्यवस्था करने गांव में चला गया। तभी अचानक उसके छह बीघा खेत में आग लग गई। खेत से आग की लपटें उठती देख ग्रामीणाें ने उसके परिजनों को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही उसकी पत्नी और बेटी मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों के साथ आग बुझाने का प्रयास किया। आग के विकराल रूप घारण करने से किसान की छह बीघा खेत में लगी मटर की 60 हजार रुपये कीमत की फसल जलकर राख हो गई। किसान ने बताया कि उसे फसल के पैसे से बेटी की शादी के लिए व्यवस्था करनी थी, लेकिन अग्निकांड से सबकुछ बर्बाद हो गया। पीड़ित किसान ने घटना की सूचना राजस्व विभाग को लेकर आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।