जिले में हुई मूसलाधार बारिश ने लोगाें की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहर की सड़कों पर जगह-जगह जलभराव और कीचड़ के चलते लोगों का पैदल चलना दुश्वार हो गया है। वहीं नाले उफना जाने से नालों की गंदगी सड़क से बह रही है।
गौरतलब है शहर की अधिकतर सड़के गड्ढायुक्त हो चुकी हैं। जिसके चलते वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। शनिवार की रात बारिश के चलते गड्ढायुक्त सड़कों पर जगह-जगह जलभराव हो जाने से लोगों की दिक्कतें और बढ़ गईं। कीचड़ के चलते पैदल राहगीर तो दूर दोपहिया वाहन चालकों को भी खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
शहर भर के नाले गंदगी से पटे होने पर बारिश में उफना गए। जिससे नालों को गंदा पानी सड़कों पर आ गया। कीचड़ और नालों का पानी सड़क पर बहने से शहर नर्क में तब्दील हो गया। शहर के परमानंद चौराहा, ऊदल चौक, नरसिंह कुटी, बाईपास सड़क और बिलवई चुंगी के पास भरे कचड़े से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।