चित्रकूट। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाने पर पुलिस ने सदर कोतवाली में 15 नामजद समेत 35 सपाइयों पर प्राथमिकी दर्ज की है।
बुधवार को सपाइयों ने मुख्य चुनाव आयुक्त की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर धनुष चौराहे पर पेट्रोल डालकर पुतला फूंका था। आग बुझाने में सदर कोतवाल अभयराज सिंह व एक आरक्षी झुलस गए थे। कोतवाल के मुताबिक, वह फोर्स के साथ धनुष चौराहे पर थे। चकरेही की ओर से जुलूस आया। कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर नारेबाजी करते हुए पुतला जलाने की कोशिश की। पुलिस ने रोका तो धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की। कुछ युवकों ने पेट्रोल डालकर जलता पुतला पुलिस पर फेंक दिया, जिससे कोतवाल के हाथ-चेहरा झुलस गए। जिला अस्पताल में मेडिकल हुआ।
बताया कि वीडियो से पहचान पर बहिलपुरवा थाना के मडैयन निवासी नरेंद्र यादव, गोबरिया निवासी राजा यादव, कसहाई निवासी सूरज सिंह पटेल, गदाखान निवासी शिवशंकर पटेल, राजापुर के उत्तमपुर निवासी अंगद यादव, गोकुलपुरी निवासी राजीव लोचन त्रिपाठी, लोढ़वारा निवासी हरिमोहन यादव, सत्यम यादव, रोहित यादव, शंकर बाजार निवासी शिवम ओझा, कुचारम निवासी मनफूल पटेल, बरगदहा निवासी राघवेंद्र यादव, शिव यादव, अमानपुर निवासी सुभाष पटेल, चुनहा पुरवा निवासी कुशल यादव व करीब 15-20 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कोतवाल का कहना है कि अन्य आरोपियों की पहचान फोटो-वीडियो फुटेज से की जा रही है।
-
प्राथमिकी के बाद सपा में शुरू हुई जुबानी जंग
चित्रकूट। मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाने पर एफआईआर दर्ज होने के बाद सपाइयों में सोशल मीडिया पर जंग छिड़ गई है। जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव और पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल ने पोस्ट कर संवेदना जताई है। कई कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वे मौके पर थे ही नहीं, फिर भी नाम दर्ज कर दिया गया। जबकि जुलूस में आगे रहने वाले कई नेताओं के नाम हटा दिए गए। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी का विरोध किया है।