महोबा। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कस्बा कबरई के पास डंपर की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत होने के मामले में डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जनपद चित्रकूट के शंकर बाजार निवासी संजय सोनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका बेटा अश्विनी सोनी अपने दोस्त सोनू सोनी के साथ बाइक से 18 जुलाई की रात मध्यप्रदेश के जनपद सागर जा रहे थे। रास्ते में हाईवे पर पांडेय पुलिया कबरई के पास डंपर चालक ने तेजी व लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी थी। इससे अश्विनी और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई थी। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। (संवाद)
मृतक के खाते से 14 हजार रुपये निकले
महोबा। मृतक के बैंक खाते से 14 हजार रुपये निकाल लिए जाने का मामला सामने आया है। थाना अजनर के मवइया गांव निवासी देवेंद्र सिंह ने बताया कि पिता बृजभूषण का निधन छह जून 2025 को हो गया था। उनका खाता इंडियन बैंक शाखा बेलाताल में है। 18 फरवरी को उसके मोबाइल पर 14 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। बैंक जाकर पता करने पर बताया गया कि निकासी वाउचर में उसके पिता के हस्ताक्षर हैं। आरोप है कि बैंक कर्मी की मिलीभगत से रुपये निकाले गए। मामले की सूचना पुलिस और बैंक अधिकारियों को दी गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित ने मंगलवार को एक बार फिर मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की है। बैंक प्रबंधक दिवाकर शिवहरे का कहना है कि उन्होंने एक सप्ताह पहले ही कार्यभार संभाला है। सीसीटीवी फुटेज व संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। (संवाद)