फोटो 18 एमएएचपी 03 परिचय-छात्र मानवेंद्र राजपूत (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
महोबा। थाना अजनर के स्यावन गांव में शनिवार की रात साइकिल की टक्कर से बाइक का मडगार्ड टूटने पर पिता की डांट के डर से बेटे ने फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर परिजन से जानकारी ली। वहीं इकलौते बेटे की मौत से परिजन रो-रोकर बेहाल रहे।
गांव निवासी श्याम सिंह राजपूत खेती-किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करता है। परिवार में पत्नी, बेटा और बेटी हैं। 12 वर्षीय बेटा मानवेंद्र गांव के ही परिषदीय विद्यालय में कक्षा आठ में पढ़ता था। शनिवार की देर शाम वह साइकिल चला रहा था तभी सड़क किनारे खड़ी बाइक में साइकिल टकरा गई जिससे बाइक का मडगार्ड टूट गया। मडगार्ड टूटने पर वह पिता से शिकायत होने और डांट पड़ने की आशंका से डर गया। रात को उसने कमरे में जाकर पंखे के हुक से दुपट्टे से फंदा लगा लिया।
देर रात जब परिजन कमरे में पहुंचे तो बेटे को फंदे पर लटका देखा। मृतक के चाचा मानिकचंद्र ने बताया कि भतीजे से साइकिल चलाते समय बाइक का मडगार्ड टूट गया था। उसे डर था कि पिता उसे डांटेंगे। इससे परेशान होकर उसके आत्मघाती कदम उठा लिया। बताया कि मानवेंद्र ने कुछ बच्चों से इसकी चर्चा भी की थी। थानाध्यक्ष अजनर विनोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।