-उद्यान विभाग के उप निदेशक ने हाईटेक नर्सरी व किसानों के खेतों का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। चित्रकूटधाम मंडल बांदा के उद्यान विभाग के उप निदेशक विनय कुमार यादव ने मंगलवार को बेलाताल स्थित हाईटेक नर्सरी का निरीक्षण किया। इस दौरान नर्सरी में तैयार की गई पौध को देखा। इसके बाद उन्होंने किसानों के खेतों का निरीक्षण कर ड्रिप स्प्रिंकलर को परखा। कहा कि डि्रप स्प्रिंकलर से न सिर्फ फसलोंं की बेहतर सिंचाई होती है बल्कि किसान अच्छी पैदावार भी ले सकते हैं। ड्रिप स्प्रिंकलर वाले किसान सब्जी की खेती प्राथमिकता के साथ करें।
उप निदेशक ने कृषि विज्ञान केंद्र बेलाताल में स्थित हाईटेक नर्सरी की कार्यप्रणाली को देखा। उन्होंने अब तक यहां रोपित किए गए पौधों, किसानों को की गई पौधों की बिक्री, कितने एनजीओ संचालकों ने अभी तक नर्सरी में संपर्क किया आदि के बारे में जानकारी हासिल की। इसके बाद उन्होंने बेलाताल और सूपा गांव के पास स्थित खेतों का निरीक्षण किया। उन्होंने खेतों में मौजूद ड्रिप स्प्रिंकलर को बारीकी से देखा। किसानों ने बताया कि ड्रिप स्पिंकलर लगाने के बाद उनके खेतों की सिंचाई बेहतर तरीके से हो रही है। उप निदेशक ने कहा कि ड्रिप स्प्रिंकलर लगाने वाले किसान अपने खतों में सब्जी की खेती करें। बताया कि अधिक से अधिक किसानों को सब्जी की खेती के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान जिला उद्यान अधिकारी सुरेश कुमार, उद्यान निरीक्षक देवीचरण, मुकेश राजपूत, जागेश्वर आदि मौजूद रहे।