फोटो 16 एमएएचपी 15 परिचय-सहकारी समिति में एनपीके खाद की बोरियां ले जाते इक्का-दुक्का किसान। संव
बेलाताल (महोबा)। डीएपी खाद की किल्लत के कारण किसान अब एनपीके लेने से भी कतरा रहे हैं। सोमवार को मंगरौलखुर्द गांव स्थित जैतपुर सहकारी समिति में एक हजार बोरी एनपीके खाद उपलब्ध होने के बावजूद किसानों ने खास रुचि नहीं दिखाई। दिनभर में महज 400 बोरी का ही वितरण हो सका जबकि 600 बोरी खाद समिति में बची रह गई। अधिकांश किसान डीएपी मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
किसान देवीदीन, पप्पू, हरदयाल, भिम्मा आदि का कहना है कि रबी की फसलों की बोआई के लिए उन्हें डीएपी की जरूरत है। खाद न मिलने से खेत तैयार होने के बावजूद बोआई में देरी हो रही है। ऐसे में एनपीके उपलब्ध होने से वह डीएपी का इंतजार कर रहे हैं। समिति के कई खाताधारक किसानों ने भी डीएपी की उम्मीद में एनपीके लेने से परहेज किया।
खास बात यह रही कि किसानों को खाद के लिए न तो टोकन लेना पड़ा और न ही लाइन में लगना पड़ा। सहकारी समिति में खाद वितरण का 70 प्रतिशत हिस्सा खाताधारक व 30 प्रतिशत गैर खाताधारक किसानों के लिए निर्धारित है। समिति के प्रभारी मथुरा प्रसाद ने बताया कि एक हजार बोरी एनपीके में से सोमवार को 400 बोरी का वितरण हुआ है। डीएपी की आपूर्ति होते ही उसका भी वितरण कराया जाएगा।
2,405 एमटी डीएपी उपलब्ध, किसानों को नहीं होगी परेशानी
महोबा। रबी फसलों की बोआई के बीच डीएपी की किल्लत की आशंका को देखते हुए डीएम प्रभास कुमार ने किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध होने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने बताया कि जिले में बिक्री केंद्रों और बफर गोदामों को मिलाकर 2,405 एमटी डीएपी उपलब्ध है। इसके अलावा बांदा में आने वाली इफ्को की रैक से 400 एमटी डीएपी का आवंटन भी महोबा को मिला है। बताया कि सहकारी केंद्रों पर 340 व निजी केंद्रों पर 386 एमटी डीएपी मौजूद है। वहीं बफर गोदामों में 1,279 एमटी खाद रखी है। डीएपी का निर्धारित मूल्य 1,350 रुपये प्रति बोरी है। दलहनी फसलों में एनपीके का प्रयोग भी बेहतर विकल्प है। खाद संबंधी शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया है। जिसका दूरभाष नंबर 05281-255245 व मोबाइल नंबर 9451658630 है।