थाना पनवाड़ी के ग्राम शेरगढ़ से निकली क्योलारी नदी पार करते समय एक किसान पानी के तेज धार में बह गया। घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर किसान का शव बरामद किया गया। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा है। ग्राम शेरगढ़ निवासी 80 वर्षीय कंधीलाल मंगलवार की सुबह खेतों की ओर जा रहा था। तभी वह क्योलारी नदी
पार करने लगा। नदी में कमर तक बह रहे पानी की तेज धार में किसान गिर गया और बहने लगा। जब आसपास से गुजर रहे लोगों ने किसान को नदी में बहता देखा तो ग्रामीणों व किसान के परिजनों को सूचना दी। घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर किसान का शव बरामद किया गया। मृतक के पुत्र कल्लू ने घटना की सूचना तत्काल थाना पनवाड़ी पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को महोबा भेज दिया है। घटना से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बता दें कि मानसून सत्र में बेहतर बारिश होने से बांध व तालाब पानी से लबालब है वही वर्षों से सूखी पड़ी नदिया तेज धार के साथ बह रही है।