बेलाताल (महोबा)। रबी की बोआई का समय नजदीक है लेकिन डीएपी खाद की किल्लत किसानों की चिंता बढ़ा रही है। जैतपुर के पीसीएफ और सहकारी संघ में 29 अक्तूबर के बाद से डीएपी का वितरण नहीं हुआ है। खेत तैयार होने के बावजूद किसानों की बोआई अटकी है। खाद मिलने की उम्मीद में किसान रोजाना केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन वहां ताले लटके मिलने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
किसान राहुल, भारत, भूपेंद्र, वीर सिंह आदि ने बताया कि वे रोजाना जैतपुर के पीसीएफ व सहकारी संघ पहुंचकर खाद की उपलब्धता की जानकारी लेते हैं लेकिन केंद्र बंद मिलते हैं। उनका कहना है कि बोआई का उचित समय निकलता जा रहा है। ऐसे में समय से डीएपी नहीं मिली तो फसल की पैदावार प्रभावित हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द खाद उपलब्ध कराने और वितरण शुरू कराने की मांग की है।
सहकारी संघ जैतपुर के प्रभारी मथुरा प्रसाद ने बताया कि संघ में एनपीके की 500 बोरी उपलब्ध हैं। त्योहार के बाद इनका वितरण कराया जाएगा। डीएपी की मांग भेजी गई है। उन्होंने बताया कि पांच और छह नवंबर को मंगरौलखुर्द गांव की सहकारी समिति में 500 बोरी खाद का वितरण कराया गया था। इसमें 70 प्रतिशत खाद समिति के खाताधारक व 30 प्रतिशत बिना खाताधारक किसानों को दी गई। डीएपी की आपूर्ति मिलते ही वितरण कराया जाएगा।
डीएम-एसपी ने किसानों से खाद वितरण की ली जानकारी
डीएम प्रभास कुमार और एसपी शशांक सिंह ने शनिवार को कस्बा चरखारी के पीसीएफ गोदाम व गोला घाट स्थित खाद वितरण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने खाद का स्टॉक, उपलब्धता व वितरण व्यवस्था परखी। डीएम ने लाइन में लगे किसानों से खाद वितरण की जानकारी ली। निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित नियमों के तहत समय से खाद उपलब्ध कराई जाए। वितरण में अनियमितता या किसानों को परेशान करने की शिकायत पर कार्रवाई होगी।