श्रीनगर (महोबा)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की 2017 की पीसीएस परीक्षा पास कर ग्राम मवई के एक किसान के बेटे ने जिले का नाम रोशन किया है। इससे उसके परिजन और रिश्तेदार खासा गदगद हैं। वह इस कामयाबी के लिए अपने गुरु और स्टेट बैंक महोबा में मैनेजर रहे रामगोपाल सिंह को श्रेय देता है।
थाना श्रीनगर के ग्राम मवई निवासी कुलदीप मिश्रा ने कक्षा 8 तक की पढ़ाई गांव के ही परिषदीय विद्यालय से की। वर्ष 2006 में गांव से सटे मध्यप्रदेश के कस्बा लवकुशनगर से हायर सेकेंडरी की परीक्षा 67 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। इसके बाद 2008 में इंटरमीडिएट की परीक्षा जिले की सीमा से सटे मध्यप्रदेश के छतरपुर से उत्तीर्ण की। इंटरमीडिएट की परीक्षा में उसने मध्यप्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया था। जिस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उसे गोल्ड मेडल पहनाकर सम्मानित किया था। कुलदीप के पिता प्रेमनारायण मिश्रा गांव में रहकर कृषि कार्य करते हैं।
वर्ष 2011 में उसने राजकीय महाविद्यालय से बीए की परीक्षा उत्तीर्ण की। उसके बाद प्रयागराज में पीसीएस परीक्षा की तैयारी की। गुरुवार को पीसीएस परीक्षा का परीणाम आने पर उसने कामयाबी हासिल कर माता-पिता का नाम रोशन किया। 2013 में पोस्ट ऑफिस में पोस्टमास्टर के पद पर चयन हो गया था लेकिन उसने नौकरी नहीं की।