-28 जून को दरवाजे पर आनी थी बरात, रुपयों की व्यवस्था न होने से था परेशान
फोटो 19 एमएएचपी 28 परिचय-किसान मंगल वर्मा (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
कबरई (महोबा)। थाना कबरई के कौहारी गांव में बेटी की शादी की तैयारियों के बीच किसान ने फंदा लगाकर जान दे दी। 28 जून को दरवाजे पर बरात आना थी। रुपयों की व्यवस्था न होने से किसान परेशान रहता था। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
कौहारी निवासी मंगल वर्मा (50) तीन बीघा भूमि में खेती-किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। उसने अपनी इकलौती बेटी पूजा की शादी जनपद जालौन के कदौरा गांव में तय कर दी थी। 28 जून को बरात आना थी। बेटी की शादी की तैयारियों में परिजन व रिश्तेदार जुटे थे। शुक्रवार को मंगल घर में कुछ बताए बिना निकल गया और खेत में लगे पेड़ से रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। इससे उसकी मौत हो गई। जब ग्रामीण खेत से गुजरे तो मंगल को फंदे पर लटकता देख उनके होश उड़ गए। बेटे प्रांशू ने बताया कि पिता पूजा की शादी के लिए रुपयों के इंतजाम में लगे थे। रुपयों की व्यवस्था न होने से वह परेशान रहते थे। हो सकता है इसी के चलते उन्होंने यह कदम उठाया हो। उधर, थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद