कुलपहाड़ (महोबा)। बागौल रोड पर खेत की रखवाली कर रहे किसान की सोते समय गला रेतकर हत्या कर दी गई। सुबह खाना लेकर पहुंचे बहनोई ने मामा को खून से लथपथ देखा तो उसके होश उड़ गए। हत्या का कारण जमीनी विवाद लग रहा है।
हमीरपुर जनपद के राठ निवासी श्रीचंद्र अहिरवार (55) पुत्र धनीराम पिछले चार साल पहले अपने हिस्से की जमीन बेंचकर कुलपहाड़ के मोहल्ला पठवापुरा में अपनी बहन विमला के यहां रहता था। बागौल रोड पर बहन के खेत के पास झोपड़ी बनाकर गुटके की छोटी सी दुकान किए था। उसी में रहकर खेत की रखवाली भी करता था। मृतक की शादी नहीं हुई थी, उसके दो भाई हरीराम व नवल राठ में रहते हैं। मृतक की बहन विमला का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भांजे की शादी 15 फरवरी को होना थी।
बुधवार की रात झोपड़ी के अंदर चारपाई में सोते समय अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। सुबह 9 बजे मृतक का बहनोई मंटू अहिरवार खेत पहुंचा तो झोपड़ी के अंदर लहूलुहान हालत में अपने साले को देख उसके होश उड़ गए। तत्काल उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसपी मणिलाल पाटीदार, एएसपी वीरेंद्र कुमार ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर जायजा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश दिए हैं। उनका कहना है कि घटना का पर्दाफाश करने के लिए दो टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।