महोबा। चार दिन से लगातार हो रही बारिश से लोग विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। मंगलवार रात एक किसान की उल्टी-दस्त से मौत हो गई। पिछले 24 घंटे में 13 मरीजों की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल समेत निजी क्लीनिकों में उल्टी, दस्त, बुखार, पेटदर्द आदि के मरीजों की भरमार है।
बुधवार को जिला अस्पताल की सुबह आठ बजे से ओपीडी खुलते ही मरीजों व तीमारदारों की भीड़ जुटी। पर्चा बनवाने से लेकर काउंटर से दवा लेने के लिए मरीजों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। 635 मरीजों का ओपीडी में उपचार किया गया। 24 घंटे में उल्टी, दस्त, बुखार, पेटदर्द, सर्दी, खांसी आदि से पीड़ित सूर्यांश, रानी, अली अहमद, अजीत, अभिषेक, निशांत, अरमान, नेहा, सृष्टि, रामभरोसी, भंवर सिंह, प्रीतम और रिचा की हालत नाजुक होने पर वार्डों में भर्ती कराया गया।
कोतवाली क्षेत्र के बिलवई गांव निवासी अशोक अनुरागी (64) खेती-किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। दो दिन से वह उल्टी व पेटदर्द की समस्या से ग्रसित था। मंगलवार की रात परिजन उसे जिला अस्पताल लाने लगे लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इमरजेंसी में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश कुमार का कहना है कि मौसम में बदलाव से लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने दिक्कत होने पर डॉक्टर को दिखाने की सलाह दी है।
ऐसे करें बचाव
-साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें।
-घरों के आसपास, कूलर आदि में पानी जमा न होने दें।
-कटे, फटे फल व बासी भोजन करने से बचें।
-ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं।
-बाहर का फास्ट और जंकफूड खाने से बचें।
-बारिश में गीले होने पर तत्काल कपड़े बदलें।