महोबा। जिला निर्वाचन अधिकारी वीरेश्वर सिंह ने कहा
कि मतगणना कर्मचारी सुबह छह बजे तक मतगणना स्थल पर पहुंच जाएं। साढ़े छह
बजे स्ट्रांग रूम खोले जाएंगे।
उन्होंने प्रत्याशियों से कहा कि वे
स्ट्रांग रूम खुलने के समय उपस्थित रहें। जिला निर्वाचन अधिकारी गुरुवार
को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मतगणना की बैठक में बोल रहे थे।
उन्होंने
कहा कि हर संभव प्रत्याशियों को ही एजेंट बनाएं। मतगणना निष्पक्षता और
पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त
नहीं की जाएगी।
परिणाम जारी करने में तनिक भी विलंब न करें। बताया
कि चक्र के मुताबिक प्रत्याशियों को समय आवंटित करें, जिससे अनावश्यक भीड़
से बचा जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायत
सदस्य का परिणाम सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं ग्राम प्रधान के प्रमाणपत्र
निर्वाचन अधिकारी जारी करेंगे। किसी भी दशा में पुन: मतगणना की जरूरत न
पड़े।
मतगणना चार या पांच राउंड में होगी। उन्होंने आरओ को निर्देश
दिए कि मतगणना प्रपत्रों पर जरूरी सूचनाएं पहले से भरकर तैयार कर लें,
ताकि परिणाम जारी करने में अनावश्यक देरी न हो सके।
प्रत्याशियों
से अनुरोध किया कि वे मतगणना के समय मौजूद रहें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी
संतोष कुमार राय, मुख्य विकास अधिकारी शिवनारायण मौजूद रहे।