महोबा। औषधीय पौध मिशन योजना के अंतर्गत पान प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र में दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार से शुभारंभ हो गया। इस दौरान जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी ने किसानों को एकीकृत बागवानी विकास मिशन, बुंदेलखंड पैकेज, औषधीय मिशन सहित तमाम योजनाओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण में डीएम ने प्रयोगशाला में लगे पौधों का निरीक्षण किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि जिस प्रकार ऑर्गेनिक इंडिया कंपनी द्वारा विकासखंड पनवाड़ी में तुलसी की खेती किसानों से कराई जा रही है, उसी तरह जिले के अन्य विकास खंडों में औषधीय फसलों की खेती के लिए कंपनी से संपर्क कर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसानों को बाजार की सुविधा मिल सके। उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी को डाबर, हर्बल व पतंजलि जैसी कंपनियों से संपर्क करने के निर्देश दिए। स्वच्छता रखने व प्लास्टिक का उपयोग न करने के साथ गो पालन के लिए प्रेरित किया।
सीडीओ हीरा सिंह ने कहा कि जिले में विभिन्न विभागों की योजनाओं का किसान लाभ लें और अपनी आय दोगुनी करें। प्रशिक्षण के मृदा परीक्षण प्रभारी प्रयोगशाला प्रभारी जीतेंद्र शुक्ला, वैज्ञानिक डॉ. बृजेश पांडेय, उप दुग्धशाला विकास अधिकारी सुनील शर्मा, पूर्व वैज्ञानिक डॉ. रामसेवक चौरसिया, विनय कुमार, भानुप्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।