महोबा। शहर के वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का गुरुवार से शुभारंभ हो गया। स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, शरीरिक शिक्षा, खेल व योग विज्ञान में उभरती प्रवृत्तियां विषय पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के कुलपति डॉ. राजाराम यादव ने कहा कि आयुर्वेद में सभी रोगों का इलाज है। स्वस्थ रहने के लिए योग शिक्षा, गांव के पंचगव्य व अपने देश की पारंपरिक विज्ञान विकसित करने पर जोर दिया।
कॉलेज सभागार में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ मुख्य अतिथि, पूर्व उच्च शिक्षा निदेशक प्रयागराज डॉ. महेंद्र राम व जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर अतिथियों ने डिजिटल शोध सारांश का लोकार्पण किया। इस शोध सारांश में प्रस्तुत किए जाने वाले शोध पत्रों का निचोड़ है। कार्यक्रम में खेल निदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य के लिए योग जरूरी है। प्रतिदिन कम से कम 40 मिनट योग करें। आज गांव में रहने वाली 68 प्रतिशत आबादी के लिए केवल दो प्रतिशत ही डॉक्टर हैं। ऐसे में योग ही हमें स्वस्थ रखेगा। पूर्व उच्च शिक्षा निदेशक ने प्राकृतिक नियमों के पालन पर जोर दिया। कहा कि योग ही हमें स्वस्थ रखेगा। जिलाधिकारी ने पर्यावरण शुद्ध बनाने के लिए पौधरोपण पर बल दिया। कहा कि योग कैंसर जैसी बीमारियों को भी ठीक करता है। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुशील बाबू ने कहा कि बुंदेलखंड जैसे पिछड़े क्षेत्र में योग ही नागरिकों को स्वस्थ रखेगा। स्वस्थ नागरिक ही राष्ट्र का विकास करेंगे। कार्यक्रम में डॉ. प्रदीप कुमार ने शोध पत्रों की जानकारी दी। इस मौके पर डॉ. केसी वर्मा, डॉ. एलसी अनुरागी, डॉ. डीके खरे, शैलेष तिवारी, डॉ. एसएस राजपूत, मधुबाला सरोजनी के अलावा विभिन्न प्रदेशों से आए महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्रोफेसर व शोध छात्र मौजूद रहे।