कुलपहाड़ (महोबा)। बारिश के बीच कस्बा कुलपहाड़ समेत आसपास के करीब 21 गांवों में सोमवार को पूरे दिन बिजली आपूर्ति ठप रही। निसवारा पावर हाउस से निकली मुख्य लाइन में फाल्ट आने से यह समस्या हुई। बिजली के अभाव में उपभोक्ता परेशान रहे। हालांकि, शाम करीब सवा पांच बजे आपूर्ति बहाल होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
निसवारा गांव स्थित पावर हाउस से कस्बा कुलपहाड़ व आसपास के सूपा, लाड़पुर, बम्हौरी, सेला, अतरपठा, भटेवरा, सुगिरा, बूढ़ी, बागौल, चारुआ, द्वासी, पठारी समेत 21 गांवों को बिजली आपूर्ति दी जाती है। सोमवार की सुबह करीब छह बजे बारिश के बीच पावर हाउस से निकली बिजली की मुख्य लाइन में फाल्ट हो गया। इससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों दी गई लेकिन पूरे दिन आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
उपभोक्ता अरविंद सिंह, सुरेश कुमार, नेपाल सिंह, हरिमोहन, रफीक आदि का कहना है कि कुलपहाड़ और आसपास के गांवों में बारिश के दौरान अक्सर आपूर्ति ठप हो जाती है। बिजली विभाग सिर्फ बिल वसूली और चेकिंग के नाम पर उपभोक्ताओं को परेशान करता है लेकिन निर्बाध आपूर्ति मुहैया नहीं कराई जा रही। सुबह ठप हुई आपूर्ति करीब 11 बजे बहाल हुई लेकिन दस मिनट बाद ही दोबारा बंद हो गई। शाम पांच बजे के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
बिजली विभाग के अवर अभियंता गोपाल सिंह का कहना है कि निसवारा पावर हाउस से आपूर्ति वाली बिजली लाइन में फाल्ट हो गया था। बारिश के चलते फाल्ट ढूंढ़ने में परेशानी हुई। शाम के समय आपूर्ति बहाल करा दी गई।