शिविर में बकाया बिल जमा करते उपभोक्ता
- फोटो : MAHOBA
महोबा/श्रीनगर। कस्बा जैतपुर व श्रीनगर में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने शिविर लगाकर उपभोक्ताओं के बकाया बिल वसूले। साथ ही बिल न जमा करने वाले 43 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए।
कस्बा जैतपुर के चमन चौराहा के पास शुक्रवार को विद्युत विभाग के अवर अभियंता जयवीर सिंह के नेतृत्व में शिविर का आयोजन किया गया। बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ जुटी रही। दिन भर में एक लाख 82 हजार रुपये विद्युत बिल का बकाया वसूला गया।
टीम ने उपभोक्ताओं के घरों में जाकर मीटर व बिल चेक किए। इस दौरान बिल न जमा करने वाले 26 लोगों के कनेक्शन काटे गए। विद्युत टीम में आरएस तिवारी, लाइनमैन रामबरन यादव, हरिचरण यादव, रवि रैकवार व जमाल शामिल रहे।
श्रीनगर प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के बिल भुगतान सेंटर पर उपखंड अधिकारी पुनीत शर्मा की देखरेख में विद्युत शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 70 उपभोक्ताओं से तीन लाख रुपये बकाया वसूला गया और 17 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए। साथ ही 42 उपभोक्ताओं के बिल संशोधित कराए गए। इस मौके पर अवर अभियंता बीके पांडे, संविदा कर्मी विश्वनाथ, मिथुन व मनीष मौजूद रहे।