महोबा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना जल्द ही जारी होने वाली है। चुनावी तैयारियां जोर पकड़ने लगी है। तीन चुनाव एक साथ होने के कारण मतदाताओं को भ्रम की स्थिति से बचाने के लिए पंचायत चुनाव में बैलेट पेपर अलग-अलग रंग के रखे गए हैं। इसको लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) रामेश्वर ने बताया कि पंचायत चुनाव के लिए एक ही दिन एक साथ चार पदों के लिए मतदाता मतदान करेंगे।
इस बार ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य के साथ क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के लिए भी मतदान होगा। इस दौरान भ्रम की स्थिति न रहे, इसलिए अलग-अलग रंग के बैलेट रहेंगे।
प्रधान पद के लिए हरा, जिला पंचायत सदस्य के लिए गुलाबी, सदस्य क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) के लिए नीला, और सदस्य ग्राम पंचायत के लिए सफेद बैलेट का प्रयोग किया जाएगा।
सहायक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चार ब्लाकों में एक सप्ताह में नामांकन पत्र भेज दिए जाएंगे। पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।