फोटो 21 एमएएचपी 10 परिचय-नवभारत साक्षरता अभियान की परीक्षा देते बुजुर्ग व घूंघट की ओट में महिल
महोबा। नव भारत साक्षरता अभियान के तहत रविवार को आयोजित परीक्षा में महिलाओं की संख्या अधिक रही। ग्रामीण क्षेत्र में महिलाएं जब केंद्र पर परीक्षा देने बैठीं तो वहां अपने घर या गांव के बुजुर्गाें को परीक्षा देते देख घूंघट डाल लिया और घूंघट की ओट में ही सवालों के जवाब हल किए। वहीं, बहुओं को परीक्षा देते देख बुजुर्ग भी पीठ दूसरी ओर करके सवाल हल करते रहे। हाथ में पेन व लाठी थामकर बुजुर्ग दादा-दादी और काका-काकी भी परीक्षा देने के लिए पहुंचे।
नव भारत साक्षरता अभियान के तहत शिक्षण सत्र 2025-26 के प्रथम चरण में जिले में 15 वर्ष से अधिक आयु के करीब 3,500 निरक्षरों को पिछले दिनों साक्षरता का पाठ पढ़ाया गया। इनमें बुजुर्गाें और महिलाओं की संख्या सबसे ज्यादा रही। साक्षरता अभियान के दौरान निरक्षरों को हिंदी, गणित, मात्रा ज्ञान, स्वर परिचय, संयुक्त वर्ण परिचय, आओ शब्द बनाएं, संख्या ज्ञान, गिनती, जोड़-घटाना, गुणा-भाग करना सिखाया गया। इसके बाद निरक्षर से साक्षर बने लोगों की साक्षरता परीक्षा कराने की तैयारी की गई। जिले के करीब 400 केंद्रों पर यह परीक्षा कराई गई। परीक्षा के दौरान अनूठे नजारे देखने को मिले। इस दौरान बुजुर्गों में भी साक्षर बनने के लिए अलग ही उत्साह दिखा। सभी परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। उधर, नव भारत साक्षरता के समन्वयक शशांक सचान का कहना है कि परीक्षा पास करने वाले साक्षर होने का प्रमाण पत्र सौंपा जाएगा।