मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में सोमवार को ईद के मद्देनजर गरीबों को कपड़े व सेवई के पैकेट वितरित किए गए।
शहर के सिंधी कालोनी स्थित नेहरू शिक्षा सदन विद्यालय में मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी ने कपड़ा वितरण समारोह का आयोजन किया। जहां मुस्लिम वर्ग के महिलाओं व पुरुषों की सुबह से भीड़ जुटी रही। सोसायटी के पदाधिकारियों ने 215 गरीब महिलाओं व 50 पुरुषों को नए कपड़े व सेवई के पैकेट दिए। ईद के मौके पर नि:शुल्क कपड़े पाकर गरीबों की खुशी का इजहार किया।
इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष बाबू मंसूरी ने कहा कि रमजान माह इबादत का महीना है। इस माह में सभी को गरीबों की सेवा व मदद करनी चाहिए। ईद के मौके पर गरीब भी नए कपड़े पहन सकें। इसके लिए सोसायटी ने यह आयोजन किया है। जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि रमेश यादव ने सोसायटी के इस कार्य को सराहा। समारोह में सोसायटी के उपाध्यक्ष कमर बेग, दुलारे भाई, याकूब, नईम खां, लाल मोहम्मद, यासीन आदि मौजूद रहे।