बेसिक शिक्षा मंत्री रामगोविंद चौधरी ने कहा कि प्रदेश में प्राइमरी शिक्षा का बेहतर सुधार किया जा रहा है। शासन की सख्ती के चलते अब ग्रामीण अंचलों के सभी विद्यालयों में शिक्षण कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तमाम विद्यालयों को मॉडल विद्यालय की तर्ज पर बनाया गया है, जिससे हिंदी के साथ-साथ अंग्रेजी की भी अच्छी शिक्षा मिल सके।
शिक्षा मंत्री गुरुवार को विरमा भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा में गुणवत्ता लाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वह यहां पर दंगल देखने आए हैं। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि हाईकोर्ट द्वारा जारी किया गया मंत्री, विधायकों और अधिकारियों के बच्चों का प्रवेश प्राथमिक विद्यालयों में कराया जाए। हाईकोर्ट के इस आदेश का वह स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि प्राइमरी शिक्षा को और बेहतर बनाने के लिए सरकार ने टीचरों को मनपसंद विद्यालय दिए जाने का भी आदेश जारी कर दिया है, जिससे टीचर प्रतिदिन समय पर स्कूल जा सके, साथ ही शिक्षण कार्य में और रुचि ले। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले शिक्षामित्रों को टीचर बनाया और अब टीचरों को मनपसंद विद्यालय दिए जा रहे हैं।