महोबा। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर बुधवार को रैंडम आधार पर जिले के 168 परिषदीय विद्यालयों का अफसरों ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छह विद्यालय बंद पाए जाने की रिपोर्ट अधिकारियों ने डीएम को सौंपी। डीएम ने बीएसए को बंद पाए गए विद्यालयों के छह प्रधानाध्यापकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और सहायक अध्यापकों व शिक्षा मित्रों के वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने टीमें बनाकर निरीक्षण करने के निर्देश अफसरों को दिये थे। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय बमनौरा, प्राथमिक विद्यालय गुंड, प्राथमिक विद्यालय धवारी, प्राथमिक विद्यालय खिरूही, प्राथमिक विद्यालय ढुडैयां और प्राथमिक विद्यालय अमानपुरा बंद पाए जाने की रिपोर्ट डीएम को दी गई। रिपोर्ट आने पर डीएम ने सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निलंबित करने के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्यभान को निर्देश दिए हैं। साथ ही 14 अक्तूबर को अनुपस्थित पाए गए 89 सहायक अध्यापकों और 45 शिक्षामित्रों के वेतन पर रोक लगाते हुए उनके विरुद्घ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के भी निर्देश दिए।