महोबा। पुलिस अधिकारी बनकर फर्जी फोन कॉल कर दरोगा को ठगी का शिकार बनाने का मामला उजागर हुआ है। दरोगा से बैंक खाते में 30 हजार रुपये ट्रांसफर कराने के बाद मोबाइल बंद हो गया तो शंका हुई। सर्विलांस से पता चला कि किसी युवक ने धोखाधड़ी कर पैसे ट्रांसफर करा लिए हैं। पीड़ित दरोगा की तहरीर पर शहर कोतवाली में मोबाइल नंबर के आधार पर अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
शहर के फतेहपुर बजरिया स्थित पुलिस चौकी में एसआई स्वतंत्र कुमार तैनात हैं। 17 नवंबर को दोपहर डेढ़ बजे उनके मोबाइल में कॉल आई, जिसमें बताया कि पुलिस विभाग के अधिकारियों ने एक मैैसेज डाला है। काल करने वाले युवक ने स्वयं को पुलिस का बड़ा अधिकारी बताया। क्षेत्र की गोपनीय सूचना बताई और मुखबिर को उत्साहित करने के लिए 30 हजार रुपये खाते में भेजने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारी समझ दरोगा ने भेजे गए बैंक खाता नंबर पर 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। दरोगा ने जब दोबारा काल की तो मोबाइल बंद बताने लगा। तब उक्त नंबर को सर्विलांस में लगाया गया, जिसमें दरोगा को धोखाधड़ी का शिकार बनाए जाने की पुष्टि हुई। दरोगा स्वतंत्र कुमार की तहरीर पर मोबाइल नंबर के आधार पर अज्ञात युवक पर धारा 420 आईपीसी व 66 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार त्रिवेदी ने बताया है कि जांच कराई जा रही है।