दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त खड़े डंपर।
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आमने सामने दो डंफरों की भिड़ंत में डंफर ड्राइवर और क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गए। क्लीनर के स्टेयरिंग में फंस जाने से पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से उसे बाहर निकाला। उधर,अन्य सड़क दुर्घटनाओं में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। क्लीनर को नाजुक हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डंपर डहर्रा से
गिट्टी लेकर कानपुर जा रहा था। उस वक्त क्लीनर रामू (22) पुत्र पप्पू डंफर चला रहा था। तभी कानपुर से डहर्रा में गिट्टी भरने आ रहे डंफर की अलीपुरा के पास आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इससे डंफर चालक राधेलाल (32) और क्लीनर रामू बुरी तरह घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने चालक राधेलाल को निकाल लिया। लेकिन, रामू स्टेयरिंग
में फंसा था। इससे ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से उसे बाहर निकालकर तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, अन्य घटनाओं में कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सलारपुर निवासी विमलेश (19) पत्नी विनीत बाइक चालक की टक्कर से गिरकर घायल हो गईं। मोहल्ला गांधीनगर निवासी राहुल (28) पुत्र जसपाल सिंह शनिवार की रात को बाइक से घर जा रहा था। आल्हा चौक
के पास बाइक फिसलने से राहुल घायल हो गया। स्टेशन कालोनी निवासी अम्बर (14) पुत्र राकेश कुमार रविवार की दोपहर घर से बाजार जा रहा था। बिलवई चुंगी के पास चार पहिया वाहन को साइड देने के चक्कर में वह बाइक से गिरकर घायल हो गया। मोहल्ला शेखूनगर निवासी रामकरन (32) पुत्र कालीचरन घर जाते वक्त बाइक से गिरकर घायल हो गया। अन्य सड़क दुर्घटनाओं दीक्षा, प्रेमवती घायल हुई हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक चालकों के हेलमेट न लगाए होने से उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।