अमर उजाला ब्यूरो
बेलाताल (महोबा)। थाना अजनर के ग्राम लेवा में सूखे के चलते फसल की कम पैदावार होने से आहत किसान की सदमे से मौत हो गई। किसान के ऊपर इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक और साधन सहकारी समिति का तीन लाख रुपये कर्ज था।
ग्राम लेवा निवासी रामनारायण नायक (75) के पास 35 बीघा जमीन है। सूखा पड़ने से अधिकांश जमीन में बुआई नहीं हो सकी। थोड़ी बहुत जमीन में उसने रबी की फस्ल की बुुआई कर दी थी। कई माह तक दिन रात जागकर फसल की रखवाली करता रहा लेकिन फसल को सूखे के चलते पानी न मिलने से फसल बर्बाद हो गई। जिससे किसान का बीज तक नहीं निकल सका। इधर बैंक के कर्ज की अदायगी की चिंता और पैदावार ने देख किसान को सदमा लगने से वह गिरकर बेहोश हो गया।
परिजनों ने आनन फानन में किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलाताल में भर्ती कराया। जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक किसान का इकलौता पुत्र महेंद्र भी विकलांग है। जिससे अब परिजनों के सामने घर के मुखिया के बाद रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। तहसीलदार कुलपहाड़ अरुण कुमार का कहना है कि उन्हेें जानकारी नहीं है। जानकारी मिलने पर राजस्व विभाग की टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।