महोबा। पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार के निर्देशन में यातायात माह के तहत गुरुवार को नेत्र परीक्षण शिविर लगाया गया। इसमें बस, ट्रक व आटो चालकों की आंखों का चेकअप कर उपचार के साथ जरूरी सलाह दी गई। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन सुरेश वर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन अजय कुमार यादव, यातायात प्रभारी हाशिम अली के साथ कोतवाली पुलिस की मौजूदगी में शहर के परमानंद चौराहे में नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें नेत्र विशेषज्ञों की टीम ने वाहन चालकों की आंखों का परीक्षण किया। शिविर में सुबह से ही बस, ट्रक व आटो चालकों की भीड़ जुटी रही। किसी को निकट दृष्टिदोष तो किसी को दूर दृष्टिदोष होने पर चश्मों के साथ नि:शुल्क दवाएं बांटीं। कार्यक्रम में एआरटीओ प्रशासन ने वाहन चालकों को गाड़ी चलाते समय सीट बेल्ट लगाने व यातायात चिह्नों व नियमों का पालन करने की अपील की। शराब पीकर गाड़ी न चलाएं। शिविर में व्यापारी नेता रामजी गुप्ता समेत तमाम लोग मौजूद रहे।