धनवंतरि मेडिकल में जांच करते ड्रग इंस्पेक्टर
- फोटो : MAHOBA
महोबा। जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी के निर्देश पर आवश्यक औषधियों की उपलब्धता व गुणवत्ता को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। ड्रग इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार ने गुरुवार को शहर के नयापुरा नैकाना स्थित धनवंतरि मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चार दवाओं के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। ड्रग इंस्पेक्टर ने कहा कि जांच में सैंपल फेल होने पर मेडिकल संचालक पर अग्रिम कार्रवाई होगी।
ड्रग इंस्पेक्टर ने धनवंतरि मेडिकल स्टोर के संचालक चंद्रप्रकाश गुप्ता की उपस्थिति में दुकान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुछ दवाएं संदिग्ध होने की आशंका पर उनके सैंपल लिए। ड्रग इंस्पेक्टर ने दो अलग-अलग कंपनियों के सैनिटाइजर, एक ड्रॉप व टेबलेट मीजोकोम डीटी का सैम्पल लेकर जांच के लिए भेजा है। उन्होंने मेडिकल के क्रय-विक्रय रजिस्टर को भी देखा। साथ ही मेडिकल संचालक को सामाजिक दूरी का पालन कर मास्क लगाकर आने वाले ग्राहकों को ही दवा देने के निर्देश दिए।
ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि छह माह पहले चरखारी के स्वाति मेडिकल स्टोर से कैप्सूल रैबिप्राजोल डीएसआर का सैंपल लिया गया था, जो जांच में मानक के अनुरूप नहीं निकला। सैंपल फेल होने पर मेडिकल संचालक को नोटिस भेजा गया है। नोटिस का जवाब आने पर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि नकली दवाएं बेचने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। ऐसे संचालकों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।