महोबा। दहेज की मांग को लेकर महिला को प्रताड़ित करने और मारपीट किए जाने के मामले में पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली चरखारी के सूपा गांव निवासी रजनी देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी 22 फरवरी को सिजहरी निवासी हृदेश कुमार के साथ हुई थी। शादी के समय मांग के अनुसार भरपूर दान-दहेज दिया था लेकिन शादी के बाद से ससुरालीजन दहेज में बाइक व डेढ़ लाख रुपये की और मांग करने लगे। न देने पर महिला को प्रताड़ित किया जाने लगा।
12 जून को पति व अन्य ससुरालीजनों ने उसके मायके पहुंच परिजनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसके बाद रक्षाबंधन पर्व पर भी उसे प्रताड़ित करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति हृदेश कुमार, सास चंदा, ससुर शिवनाथ, देवर अरविंद, ननद किरन समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट व धमकी का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।