महोबा। डीएम ने ऑक्सीजन प्लांट के लिए चिन्हिंत जमीन को देखा। इसके बाद जिला अस्पताल में मरीजों का हालचाल जाना।
जिला अस्पताल की ओपीडी सेवाएं बंद होने से गंभीर हालत में आने वाले मरीजों का इलाज इमरजेंसी वार्ड में किया जा रहा है। हालत में सुधार न होने पर उन्हें वार्डों में भर्ती किया जा रहा है। शुक्रवार की दोपहर निरीक्षण करने पहुंचे डीएम ने इमरजेंसी व अन्य वार्डों की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने सीएमएस से भर्ती मरीजों की संख्या पूछी। जिस पर सीएमएस डॉ. आरपी मिश्रा ने बताया कि सबसे ज्यादा मरीज ग्रामीण क्षेत्रों के आ रहे हैं। जिला अस्पताल में 50 मरीजों को ऑक्सीजन दी जा रही है। ऑक्सीजन की कमी नहीं है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने जिला अस्पताल में स्थापित होने वाले ऑक्सीजन प्लांट के लिए चयनित स्थान देखा। डीएम ने कहा कि जल्द ही ऑक्सीजन प्लांट स्थापित कराया जाएगा। ताकि पाइपलाइन के माध्यम से मरीजों को लगातार ऑक्सीजन की सप्लाई की जा सके और मरीजों को दिक्कत न हो। इस दौरान डीएम ने विभिन्न संस्थाओं द्वारा किए जा रहे सहयोग की सराहना की। इस मौके पर डॉ. नरेंद्र राजपूत, डॉ. केडी गुप्ता आदि शामिल रहे।
जल्द शुरू होगा वेंटीलेटर का संचालन
जिला अस्पताल में एक वर्ष पहले वेंटिलेटर भेजे गए थे लेकिन स्टाफ की कमी के चलते रखे वेंटीलेटर का संचालन नहीं हो पा रहा था। जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम ने बताया कि वेंटीलेटर के लिए एनेस्थेटिक की आवश्यकता होती है। जिसके एक डॉक्टर थे लेकिन वह कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। अब वह स्वस्थ होकर वापस आ गए हैं। जल्द ही अन्य स्टाफ की भर्ती कर वेंटीलेटर का संचालन शुरू कराया जाएगा।