महोबा। डीएम गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में लू से बचाव और गोवंश सुरक्षा की तैयारी पर बैठक हुई। डीएम ने सभी नगरी निकायों के ईओ को निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल व्यवस्था की तैयारी व कूल केंद्रों में सभी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जाए और प्रतिदिन सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। कहा कि सिंचाई विभाग सभी तालाबों में पानी भरवाए।
डीएम ने कहा कि गोशालाओं में पानी, भूसा व चारे की व्यवस्था करें और पीने के पानी को ठंडा रखने के लिए चरही के ऊपर शेड/तिरपाल व जूट के बोरों को गीलाकर लगाया जाए। परिवहन विभाग यात्री प्रतीक्षालय में प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों के लिए पंखा कूलर की व्यवस्था करें। कहा कि श्रम और मनरेगा के मजदूरों के लिए स्वच्छ जल, उचित छाया की व्यवस्था की जाए।
आवश्यकतानुसार कार्य के घंटे में परिवर्तन किया जाए। सभी स्कूलों और काॅलेजों के खराब वाटर कूलर को जल्द सही कराने के निर्देश दिए गए। अग्निकांड की घटनाओं से बचाव के लिए अग्निशमन विभाग को मॉक अभ्यास, विद्यालयों व अन्य संस्थाओं के फायर ऑडिट कराने के निर्देश डीएम ने दिए। कहा कि कृषि विभाग किसानों को खेतों में अवशेष न जलाने के लिए जागरूक करे। बैठक में सीडीओ बलराम कुमार, एडीएम कुंवर पंकज, एसडीएम सदर शिवध्यान पांडेय, एसडीएम कुलपहाड़ डॉ. प्रदीप कुमार, डीआईओएस प्रेमचंद, बीएसए राहुल मिश्रा आदि मौजूद रहे।