महोबा। जिले में इंडस्ट्रीज को बढ़ावा देने के लिए डीएम प्रयासरत हैं। उद्योगों का विकास होने स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। डीएम ने एसडीएम चरखारी राकेश कुमार के साथ वृहद औद्योगिक आस्थान विकसित करने को कुलपहाड़ के समीप जमीन तलाशी। उन्होंने उपायुक्त उद्योग विमल द्विवेदी को निर्देश दिए कि जमीन का प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित किया जाए।
1995 से अबतक मात्र तीन छोटे औद्योगिक आस्थान संचालित हैं, जो प्रत्येक तहसील क्षेत्र में हैं। तहसील महोबा में फतेहपुर बजरिया में स्थित 4 एकड़ के औद्योगिक आस्थान में एल्मुनियम के बर्तन, उड़द की दाल, बेतवा स्टील, जूता, क्रशर पार्ट्स व अन्य कृषि यंत्र बनाने के उद्योग स्थापित हैं जबकि चरखारी जॉर्डन गंज में 2.26 एकड़ के औद्योगिक आस्थान में वॉशिंग पाउडर, अबीर गुलाल चंदन व गौरा पत्थर का पाउडर तैयार किया जाता है। वहीं कुलपहाड़ तहसील के निकट 1.9 एकड़ के औद्योगिक आस्थान में सीमेंट ब्रिक तैयार की जाती है। डीएम ने जिले में बड़े औद्योगिक आस्थान को विकसित कराने की कार्ययोजना तैयार कराई है। जहां कोल्ड स्टोरेज, मूंगफली दाना फैक्टरी, सीमेंट उद्योग, ऑयल व बेकरी उद्योग आदि विकसित कराए जा सकते हैं। भ्रमण के दौरान डीएम ने जमीन को देखा और एसडीएम को निर्देश दिया कि पांच हेक्टेयर से अधिक की जमीन तलाशी जाए, ताकि जिले में वृहद औद्योगिक आस्थान की स्थापना कराई जा सके।