महोबा। अतिवृष्टि से खरीफ की फसल बर्बाद होने के बाद किसानों को मिला मुआवजा अब सवालों के घेरे में है। श्रीनगर के एक किसान को 37 बीघा जमीन के नुकसान के एवज में 10,300 रुपये मिले, जबकि कबरई के मवई गांव के 36 बीघा जमीन वाले किसान के खाते में महज 4,900 रुपये पहुंचे। जमीन के रकबे में एक बीघा का अंतर है, लेकिन मुआवजे की राशि में 5,400 रुपये का फर्क किसानों के बीच वितरण प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। किसानों ने फीडिंग में लेखपालों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए नुकसान की भरपाई के लिए विशेष पैकेज देने की मांग की है।
इस साल जुलाई और अगस्त में औसत से अधिक बारिश होने के कारण जिले के अधिकांश क्षेत्रों में खेतों में जलभराव हो गया था। इससे मूंगफली, उड़द और मूंग समेत खरीफ की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा। कई किसानों की लागत तक नहीं निकल सकी। प्रशासन ने सर्वे के बाद 1.35 लाख किसानों की फसल क्षति की फीडिंग कराई और मुआवजे के लिए शासन को 95 करोड़ रुपये की मांग भेजी। जिले में अब तक 1,29,768 किसानों के खातों में 84 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं, हालांकि, कुछ किसानों को मिली कम धनराशि से असंतोष है। किसानों का कहना है कि फसल पूरी तरह बर्बाद होने के बावजूद मुआवजा नुकसान के मुकाबले बेहद कम है। एडीएम वित्त एवं राजस्व इंद्रनंदन सिंह ने बताया कि फीडिंग के आधार पर किसानों के खातों में धनराशि भेजी जा रही है। कुल 5,046 किसानों के बैंक खातों का मिलान नहीं हो पा रहा है। ऐसे किसानों से खाते दुरुस्त कराने को कहा गया है। मुआवजे में अंतर के सवाल पर उन्होंने बताया कि सर्वे के दौरान जहां जितना नुकसान हुआ है, उसकी आधार पर मुआवजा की राशि नियमानुसार भेजी गई है।
रकबा लगभग बराबर, मुआवजे में बड़ा अंतर
फोटो 03 एमएएचपी 20 परिचय-मोहनलाल अहिरवार। संवाद
श्रीनगर के किसान मोहनलाल अहिरवार ने बताया कि उनके 37 बीघा खेत में मूंगफली, उड़द और मूंग की फसल बोई गई थी। लगातार बारिश से फसल पूरी तरह नष्ट हो गई लेकिन खाते में केवल 10,300 रुपये आए। उनके मुताबिक 17 हजार रुपये से अधिक मुआवजा मिलना चाहिए था।
फोटो 03 एमएएचपी 21 परिचय-लक्ष्मण सिंह। संवाद
मवई गांव के किसान लक्ष्मण सिंह के पास 36 बीघा जमीन है। उनका कहना है कि अतिवृष्टि से खरीफ की पूरी फसल बर्बाद हो गई लेकिन खाते में केवल 4,900 रुपये भेजे गए। इतने मुआवजे में तो एक बीघा फसल की बोआई मुश्किल है। मानक के अनुसार मुआवजे का वितरण होना चाहिए।
फोटो 03 एमएएचपी 22 परिचय-लल्लू कुशवाहा। संवाद
श्रीनगर के किसान लल्लू कुशवाहा ने बताया कि पांच बीघा जमीन पर फसल को 90 फीसदी से अधिक नुकसान हुआ फिर भी उन्हें महज 1,800 रुपये मिले। मुआवजा वितरण में भेदभाव किया गया है।