चरखारी (महोबा)। महोबा-मुस्करा मार्ग पर कस्बा चरखारी में कोतवाली और महिला पॉलिटेक्निक के सामने सड़क से सटी खाई व तालाब में बेरीकेट न होने से हादसे का खतरा बना है। बावजूद इसके जिम्मेदार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे लोगों में नाराजगी है। उन्होंने इन स्थानों पर बेरीकेटिंग लगाए जाने की मांग की है।
महोबा-मुस्करा मार्ग पर चरखारी कोतवाली के सामने करीब 15 फीट गहरी खाई में अधिकांश समय पानी भरा रहता है। खाई से बिल्कुल सटी हुई लोक निर्माण विभाग की सड़क है। इस सड़क व खाई के बीच छह इंच का भी फासला नहीं है। ऐसे में चालक की थोड़ी सी चूक से वाहन 15 फीट गहरी खाई में गिर सकता है। वहीं, महिला पॉलिटेक्निक के सामने व प्राचार्य आवास के सटा एक तालाब है। इस तालाब में भी अधिकांश समय पानी भरा रहता है। यह तालाब सड़क से सटा हुआ है। स्थानीय नागरिकों व वाहन चालकों ने नगर पालिका चरखारी से बेरीकेटिंग कराए जाने की मांग की। तब नगर पालिका की ओर से सड़क को लोक निर्माण विभाग के अधिकार क्षेत्र में बताया गया। रामदयाल, देवीदीन, प्रमोद ने लोक निर्माण विभाग से बेरिकेटिंग लगाए जाने की मांग की है। ताकि, इन स्थानों पर कोई अनहोनी न हो।