महोबा। नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष जय प्रकाश अनुरागी और 13 जिला पंचायत सदस्यों ने जिला पंचायत परिसर में जिलाधिकारी ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। 25 साल बाद भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर काबिज हुई है।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी लक्ष्मीकांत मिश्र ने नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को माल्यार्पण व पुष्प भेंटकर स्वागत किया। जिला पंचायत सदस्य रोशनी वर्मा समय पर नहीं पहुंची उन्हें बाद में शपथ दिलाई गई। महिला सदस्य घूंघट की ओट में शपथ लेती नजर आईं। इसके बाद जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष ने सदस्यों के साथ बैठक की।
पहली बैठक में नवीन कार्ययोजना के लिए आम सहमति से तय करते हुए अध्यक्ष ने आठ दिन के अंदर जिला पंचायत सदस्य से अपने अपने इलाके के विकास संबंधी प्रस्ताव भेजने को कहा। जिला पंचायत सदस्य रमा सिंह, तेजा शिवहरे, रोशनी वर्मा, आरती नायक, गायत्री देवी, मालती राजपूत, दयावती, आशारानी, अर्चना राजपूत, सुनीता देवी, मत्युंजय वर्मा, भुवनेंद्र यादव सहित 13 सदस्य और प्रशासनिक अधिकारी अजयदीप, जेपी सिंह आदि मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह सेंगर, पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत, सदर विधायक राकेश गोस्वामी, सहकारी बैंक अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी समेत सैैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अध्यक्ष ने दीप प्रज्वलन में भी नहीं उतारे जूते
जिला पंचायत अध्यक्ष जय प्रकाश अनुरागी ने जूता पहने हुए मंच पर मोमबत्ती से दीप प्रज्ज्वलित किया। इस दौरान उन्होंने नैतिक मान मर्यादाओं का भी ख्याल नहीं रखा। जबकि उनके बगल में खड़े जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर व सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने पूजा पद्धति के दौरान नग्न पैरो में नजर आए। फोटो वायरल होने के बाद लोगों की जुबान पर चर्चा का विषय बना रहा कि आखिर शिक्षक से जिला पंचायत अध्यक्ष बने जेपी अनुरागी पूजा पद्धति के दौरान नैतिक मर्यादा कैसे भूल गए।
भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर का कहना है कि जिला पंचायत में शपथ ग्रहण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष जय प्रकाश अनुरागी द्वारा हड़बड़ाहट में उनसे मानवीय भूल हुई है। ऐसा उन्होंने जानबूझकर नहीं किया है।