महोबा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम किड़ारी फाटक के समीप बीमारी से परेशान एक वद्ध रेल पटरी पर लेट गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वृद्ध को ट्रेन आने से चंद मिनट पहले पटरी से अलग कर बचा लिया। पुलिस हिरासत में कोतवाली आए वृद्ध ने एक घंटे तक जमकर हंगामा किया। बाद में पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया।
ग्राम किड़ारी निवासी सेवालाल (70) काफी दिन से बीमारी से पीड़ित चल रहा था। रविवार की सुबह 11 बजे वृद्ध घर से निकल आया और आत्महत्या करने के लिए किड़ारी फाटक के समीप एकांत स्थान पर रेल पटरी पर लेट गया। कुछ लोगों ने जब वृद्ध को रेल पटरी पर लेटा देखा तो इसकी सूचना तत्काल यूपी 100 पुलिस को दी गई। पुलिस ने रेल पटरी पर लेटे वृद्ध को ट्रैक से अलग किया और बड़ा हादसा टल गया। सेवालाल को पुलिस हिरासत में लेकर शहर कोतवाली लाई। सेवालाल ने बताया कि वह बीमारी से परेशान है और अपनी जान देना चाहता है। करीब एक घंटे तक कोतवाली के अंदर हंगामा करता रहा। बाद में कोतवाली पुलिस ने वृद्ध का शांतिभंग में चालान कर दिया। कोतवाली के एसएसआई केपी सिंह ने बताया कि सूचना पर वृद्ध को रेलवे ट्रैक से लाया गया था। जिसका चालान किया गया है।