तालाब खुदाई की हकीकत परखते नोडल अधिकारी
- फोटो : amarujala
श्रीनगर/खरेला। सूखा घोषित जिले से पलायन रोकने और गांव में रोजगार सृजन के लिए प्रशासन ने एक सैकड़ा से अधिक तालाबों की खुदाई शुरू करा दी है। रविवार को इस अभियान की हकीकत परखने को तैनात जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों और तकनीकी अधिकारियों ने गांवों में जाकर काम की प्रगति देखी और सचिवों प्रधानों को अधिक रोजगार सृजन के निर्देश दिए।
चरखारी ब्लाक के खरेला देहात के मजरा टिकरी और परथनियां में डीपीआरओ आरएस गौतम, अवर अभियंता लघु सिचाई धनराज ने बीडीओ चरखारी के साथ तालाब खुदाई कार्य देखा। सचिव छत्रपाल सिंह और प्रधान प्रतिनिधि इंदर सिंह व तकनीकी सहायक, रोजगार सेवक को गांव में अधिक रोजगार के अवसर बनाने और सूखा के दौर में प्रत्येक श्रमिक को रोजगार देने का आदेश दिया। मुख्य विकास अधिकारी हीरा सिंह ने बताया की ग्राम पंचायतों से रोजगार सृजन महाअभियान शुरू किया गया है। जिले के शत प्रतिशत गांव तक यह अभियान चलाने का कार्यक्रम है। बारिश से पहले तालाबों की खुदाई का लक्ष्य रखा गया है।
श्रीनगर प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम भड़रा के बेरीसाल तालाब की खुदाई की शुरुआत जिलाधिकारी सहदेव व भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर ने पूजन कर कराई। तालाब की खुदाई ग्राम पंचायत मनरेगा से चार लाख से की जायेगी। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव राम प्रसाद से विकास की जानकारी ली। सचिव ने बताया स्वच्छ भारत मिशन के तहत 237 शौचालयों का निर्माण कराया गया है। पेयजल से निपटने के लिए 70 हैंडपंपों की मरम्मत कराई गई है। इस मौके पर सीडीओ हीरा सिंह, बीडीओ बाल गोविंद शुक्ला, भड़रा साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष रामकरन मिश्रा, प्रधान राजाराम, श्रीनगर प्रधान प्रतिनिधि अमित दीक्षित आदि रहे।
इनसेट
संस्था कराएगी दो तालाबों का सुंदरीकरण
खन्ना (महोबा)। कस्बा खन्ना के तिलहन बाबा तालाब व सोने तालाब के सुंदरीकरण का जिम्मा दिल्ली की प्रगति रथ समाजसेवी संस्था के डायरेक्टर विजय सिंह चौहान ने लिया है। रविवार को तालाबों के सुंदरीकरण कार्य का शुभारंभ भाजपा के कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय मंत्री शिवशंकर सिंह ने हवन पूजन के साथ किया। इस मौके पर संस्था के सहयोगी संतोष शर्मा, प्रमोद कुमार, रामरतन, हबीब खां आदि मौजूद रहे।